सूरजपुर: जिले में घरेलू गैस की किल्लत नहीं, कलेक्टर ने आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश
गौरव मिश्रा सूरजपुर ✒️
सूरजपुर |
जिले में घरेलू रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन ने आज कलेक्ट्रेट में महत्वपूर्ण बैठक ली। समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
आपूर्ति और प्रबंधन की विस्तार से समीक्षा
बैठक में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC), इंडेन, एचपीसीएल और बीपीसीएल के प्रतिनिधि व गैस डीलर शामिल हुए। कलेक्टर ने बॉटलिंग प्लांट से आपूर्ति, सिलेंडरों की मासिक आवक और वितरण प्रणाली की गहन समीक्षा की। विशेष रूप से अधिक उपभोक्ता वाले क्षेत्रों में आपूर्ति प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
व्यावसायिक उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध
कलेक्टर श्री जयवर्धन ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने खाद्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे गैस सिलेंडरों के अवैध संग्रहण और व्यावसायिक स्थलों पर इनके उपयोग की सख्ती से निगरानी करें और दोषियों पर कार्रवाई करें।
अफवाहों से बचने की अपील
जिलेवासियों को आश्वस्त करते हुए कलेक्टर ने कहा कि गैस आपूर्ति को लेकर घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने जनता से अपील की कि:
सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न दें।
केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
किसी भी आपात स्थिति के लिए जिला प्रशासन 'अलर्ट मोड' पर है।
इस बैठक में एसडीएम सूरजपुर श्रीमती शिवानी जायसवाल, खाद्य अधिकारी श्री संदीप भगत, सेल्स अधिकारी श्री रोहित कुजूर सहित विभिन्न गैस एजेंसियों के डीलर्स उपस्थित रहे।
.jpg)
Social Plugin