शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवनगर में 'वंदे मातरम' के 150 वर्ष पूर्ण होने पर भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित
गौरव मिश्रा सूरजपुर ✒️
**देवनगर।** राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवनगर में 13 अगस्त 2026 को भव्य तिरंगा यात्रा रैली का आयोजन किया गया। हाथों में तिरंगा थामे और देशभक्ति के नारों के साथ निकली इस रैली ने पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
इस तिरंगा यात्रा में विद्यालय के लगभग 550 छात्र-छात्राओं के साथ ग्राम पंचायत देवनगर के ग्रामीणों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री भूलन सिंह मरावी उपस्थित रहे। इसके साथ ही ग्राम पंचायत देवनगर की सरपंच श्रीमती शांति सिंह, शाला प्रबंधन समिति (SMC) के अध्यक्ष श्री हरख लाल साहू सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी रैली में शामिल होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
विधायक श्री भूलन सिंह मरावी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' हमारे स्वाधीनता संग्राम की प्रेरणा रहा है और आज इसके 150 वर्ष पूरे होने पर निकाली गई यह तिरंगा यात्रा नई पीढ़ी में राष्ट्रीय एकता और समर्पण की भावना को प्रगाढ़ करेगी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्राचार्य श्री एस. पी. निषाद, व्याख्याता भृगु नाथ राम, प्रेम दास गुप्ता, विजेंद्र सिंह, शंभू नाथ मिंज, शिक्षक आदित्य दुबे, दिनेश प्रजापति, पुशनाथ पन्ना, विजय कुर्रे, उमाकांत मिश्रा एवं समस्त विद्यालय परिवार का सक्रिय योगदान रहा। रैली के समापन पर राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Social Plugin