सूरजपुर में 256वीं लाइफलाइन एक्सप्रेस का शुभारंभ: पहले दिन 866 मरीजों का पंजीयन, 5 सितंबर तक मिलेगा नि:शुल्क इलाज
गौरव मिश्रा सूरजपुर ✒️
**सूरजपुर (16 अगस्त 2026):** जिले के बिश्रामपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन की विश्व प्रसिद्ध हॉस्पिटल ट्रेन ‘लाइफलाइन एक्सप्रेस’ (जीवन रेखा एक्सप्रेस) का विधिवत शुभारंभ हुआ। सरगुजा सांसद श्री चिंतामणी महाराज एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने फीता काटकर 21 दिवसीय इस नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया। सूरजपुर जिले में यह ट्रेन चौथी बार और देश भर में अपने 256वें प्रोजेक्ट के रूप में पहुंची है। शुभारंभ के पहले ही दिन 866 मरीजों ने अपना पंजीयन कराया।
अतिथियों ने ट्रेन के अत्याधुनिक मल्टी-स्पेशियलिटी ऑपरेशन थिएटर, रिकवरी रूम व ओपीडी वार्डों का निरीक्षण किया। सांसद चिंतामणी महाराज ने इसे वनांचल क्षेत्र के जरूरतमंदों के लिए वरदान बताया, वहीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने महिलाओं से संकोच छोड़कर कैंसर स्क्रीनिंग कराने की अपील की। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने अधिकारियों को वर्षा काल को देखते हुए जलभराव रोकने, साफ-सफाई व दूरस्थ अंचलों से आने वाले मरीजों के आवागमन की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
**शिविर की प्रमुख सेवाएं और तिथियां (16 अगस्त से 05 सितंबर 2026):**
* **आंख की जांच व मोतियाबिंद सर्जरी:** जांच 16 से 21 अगस्त | ऑपरेशन 17 से 22 अगस्त
* **स्त्री रोग (स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर स्क्रीनिंग):** 16 से 21 अगस्त
* **कान की जांच व सर्जरी:** जांच 22 से 27 अगस्त | ऑपरेशन 23 से 28 अगस्त
* **हड्डी विकार (18 वर्ष से कम) एवं प्लास्टिक सर्जरी:** जांच 28 से 31 अगस्त | सर्जरी 29 अगस्त से 1 सितंबर
* **दांतों की जांच एवं उपचार:** 1 से 5 सितंबर
> **मुख्य जानकारी:** शिविर प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होगा। मरीज अपने साथ पहचान पत्र अवश्य लाएं। भर्ती मरीजों के साथ केवल एक सहायक की अनुमति होगी। विस्तृत जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर **7039673973** पर संपर्क किया जा सकता है।
>


Social Plugin