महाशिवरात्रि पर्व पर बुधवार को शहर सहित जिले भर के सभी शिवालयो में भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा अर्चना की गई
चंचलेश श्रीवास्तव सूरजपुर /
सूरजपुर। महाशिवरात्रि पर्व पर बुधवार को शहर सहित जिले भर के सभी शिवालयो में भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा अर्चना की गई। प्रातः से ही शिवालयों में शिवभक्त के आने का सिलसिला प्रारम्भ हो गया था। हर हर महादेव के जयकारों से शिवालय गुंजायमान रहे। इस मौके पर कई मंदिरों में भगवान शिव व माता पार्वती के विवाह का आयोजन भी किया गया। ढोल नगाड़ों व आतिशबाजी के साथ भोलेनाथ की बारात निकाली गई। जिससे नगर का वातावरण पुर्णतः शिवमय हो गया था। बुधवार को जगत के आराध्य भगवान शिव की आराधना के महापर्व महाशिवरात्रि के लिए शहर सहित जिले के तमाम शिवालयों को रंग रोगन कर आकर्षक साज सज्जा से सजाया गया था। अल सुबह से ही भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना के लिए शिवभक्तों का मंदिरों में आने का सिलसिला प्रारम्भ हो गया था जो पूरे दिन चलता रहा। शिवभक्त भगवान भोलेनाथ को प्रिय जल, दूध, दही, भांग, धतूरा व मंदार के पुष्प व फल व पत्र, कनेर फूल, अक्षत, मौसमी फल व फूल थालो में लेकर शिव आराधना के लिए मंदिरों में पहुंचे थे। जहाँ विधिविधान से भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा अर्चना कर परिवार के सुख समृद्धि के लिए भोलेनाथ व माता पार्वती से कामना किये। इस पावन अवसर पर शिवालयों एवं घरों में शिवभक्तों ने ब्राह्मणों द्वारा किये गए मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक एवं अखण्ड ॐ नमः शिवाय मन्त्रो के जप का भी आयोजन किया। वहीं मंदिरों में पूरे दिन भजन संकीर्तन एवं भंडारे का दौर चलता रहा। नगर के पनचंदिर, मिश्रगली स्थित नर्मदेश्वर व सिधेश्वर शिव मंदिर, श्री राम मंदिर स्थित शिवमन्दिर, जेलपारा, मेनरोड, पुलिस लाईन, नेहरूपार्क रोड, महुआपरा, मानपुर, मंडी रोड, शिव परसुराम मंदिर, नया बाज़ारपारा, गोपालपुर सहित तिलसिंवा, पचिरा, पर्री, नेवरा, महामाया सहित जिले भर के सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भगवान शिव जी की विशेष पूजा अर्चना की। शिव आराधना के इस महापर्व पर समूचा शहर शिवमय हो गया था।
आकर्षक झांकियों के साथ निकली भगवान शिव की बारात
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बुधवार को वरिष्ठ नागरिक संघ द्वारा वकील कॉलोनी स्थित शिवमंदिर में भगवान शिव व माता पार्वती के विवाह का आयोजन किया गया था। इस पवन मौके पर पूजा अर्चना पश्चात शिव मंदिर से नगर के मेन रोड स्थित मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम मंदिर तक आकर्षक झांकी व दूल्हा बने भगवान भोलेनाथ व उनके गानों के साथ बाजे गाजे व आतिशबाजी व हर हर महादेव के गगनभेदी जयकारों के साथ भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात निकाली गई जो नगर के विभिन्न मुख्य मार्गो से होते हुए मेन रोड स्थित मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम मंदिर होते हुए पुनः शिवमंदिर पहुंची। जिसमें पारंपरिक वेशभूषा धारण किये बड़ी संख्या में शहरवासी महिला पुरुष व बच्चे उत्साह व श्रद्धा के साथ शामिल हुए। वकील कॉलोनी स्थित स्थित शिव मंदिर में ब्राह्मणों द्वारा धार्मिक मंत्रोच्चार के बीच विधि विधान से भगवान शिव व माता पार्वती की विशेष पूजा अर्चना के साथ विचाह संपन्न कराया। शहर के कई मंदिरों में रात्रि जागरण का भी आयोजन किया गया।
नर्मदेश्वर शिव मंदिर में किया गया बाबा का भव्य श्रृंगार
नगर के मिश्रगली स्थित श्री नर्मदेश्वर शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का अलौकिक श्रृंगार रुचि जिंदल, रीना अग्रवाल, पारुल अग्रवाल, कृषि जिंदल एवं आव्या जिंदल के द्वाराकिया गया था। जहां पूरे दिन चले पूजा अर्चना पश्चात संध्या में शिव भक्त भोलेनाथ के श्रृंगार दर्शन व दीप दान के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे थे। यहाँ महिला मंडल के द्वारा संध्या में भजन संकीर्तन का आयोजन कर भगवान भोलेनाथ के मनमोहक भजनो की प्रस्तुति दी गई।

Social Plugin